अमरिया (पीलीभीत)। क्षेत्र के गांव भौनी में दहेज की लालच में एक वैवाहिक रिश्ता टूटने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पिता मोहम्मद नूर ने थाना अमरिया में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री अमर जहां का रिश्ता दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी दिलशाद के साथ तय किया था। 18 जनवरी 2026 को हुई मंगनी की रस्म में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे और वर पक्ष को नकद राशि भी भेंट की थी। विवाह की तिथि 12 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन निकाह से कुछ समय पहले ही खुशियां मातम जैसी स्थिति में बदल गईं।
आरोप है कि शादी से महज दो सप्ताह पहले वर पक्ष ने अचानक सात लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की अतिरिक्त मांग रख दी। इस विवाद को सुलझाने के लिए 15 मार्च को पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन आरोपी अपनी मांग पर अड़े रहे और अंततः रिश्ता तोड़ दिया। जब पीड़ित पक्ष ने मंगनी में खर्च हुए रुपये वापस मांगे, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।