​पीलीभीत। जनपद के तहसील पूरनपुर अंतर्गत ग्राम बख्तापुर में सरकारी नाली को अवैध रूप से पाटने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। ग्राम निवासी सुशीला देवी पत्नी मुन्नालाल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर अवगत कराया है कि गांव के ही कुछ दबंग प्रवृत्ति के व्यक्तियों ने बीते 27 मार्च को सरकारी नाली में मिट्टी डालकर उसे पूर्णतः बंद कर दिया, जिससे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़िता का आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में दी गई शिकायतों पर लेखपाल और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) द्वारा प्रस्तुत की गई जांच रिपोर्ट पूर्णतः पक्षपातपूर्ण और तथ्यविहीन है, जिसमें वास्तविक स्थिति को दरकिनार कर दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया है।
​प्रार्थना पत्र में सुशीला देवी ने बताया कि नाली अवरुद्ध होने के कारण पिछले एक माह से गंदा पानी जमा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं, दूसरी ओर नाली खुलवाने का प्रयास करने पर दबंगों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को खुलेआम जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गलत रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाए और निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जे को हटवाया जाए। साथ ही, धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *