दियोरिया कलां। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में अवैध कब्जेदारों के खिलाफ प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला है। दियोरिया कला क्षेत्र के थाना समाधान दिवस में पहुंची अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है। माह के दूसरे शनिवार को कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने ग्रामीणों की शिकायत पर तुरंत संज्ञान लिया। गांव नौआ नगला में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की बात सामने आते ही एसडीएम बिना किसी देरी के भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम के साथ खुद मौके पर पहुंच गए।
कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने मौके पर बुलडोजर मंगवाया और बरखेड़ा के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को भी घटनास्थल पर तलब किया। पुलिस बल और राजस्व टीम की मौजूदगी में बुलडोजर गरजा और अवैध कब्जेदारों द्वारा सरकारी जमीन पर रखे गए कड़ों के बटिहा (उपले/कंडे रखने की जगह) को पूरी तरह से हटवा दिया गया। प्रशासन की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान बीडीओ बरखेड़ा, राजस्व विभाग की टीम और थानाध्यक्ष गौतम सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।

कार्रवाई के बाद सख्त लहजा अपनाते हुए एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी सूरत में अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को चेतावनी देते हुए साफ किया कि जो कोई भी सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास करेगा, उसके विरुद्ध प्रशासन द्वारा इसी तरह कठोर और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।