अमरिया PILIBHIT। नेशनल हाइवे से ग्राम सिरसा को जाने वाले मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य में लगे तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दंपत्ति समेत उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से घायलों को उत्तराखंड के सितारगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी शारोज ने बताया कि वह अपनी पत्नी शबीना और बेटे अरशान के साथ बढ़ापुरा बैंक गए थे। शनिवार को दोपहर करीब दो बजे घर जा रहे थे रास्ते में नेशनल हाइवे पर सड़क निर्माण कार्य में लगे आरसीएल कंपनी के डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। डंपर की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए सितारगंज के निजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया।
ग्रामीणों एवं राहगीरों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में लगे डंपरों को नाबालिग चालक चला रहे हैं जिस कारण क्षेत्र में आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *