​पीलीभीत। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों का पिछले दो से तीन महीनों का मानदेय न मिलने के कारण आक्रोश फूट पड़ा है। भारतीय मजदूर संघ एवं उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद से संबद्ध उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह द्वारा घोषित पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत, जिले भर के संविदा कर्मियों ने 18 से 20 मई तक काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद 20 मई तक मानदेय का भुगतान न होने पर, गुरुवार 21 मई से पूरे जनपद में संपूर्ण कार्य बहिष्कार और हड़ताल शुरू कर दी गई है।
जिले के पूरनपुर, न्यूरिया, बीसलपुर, ललौरीखेड़ा, अमरिया, बरखेड़ा, बिलसंडा, दियोरिया कलां और चुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित जिला पुरुष एवं महिला चिकित्सालय के संविदा कर्मियों ने कामकाज पूरी तरह ठप रखा। हालांकि, कर्मचारियों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी सेवाओं को इस आंदोलन से मुक्त रखकर सुचारु रूप से संचालित रखा।
​कार्य बहिष्कार के कारण बीसलपुर तहसील सहित जिले के विभिन्न सरकारी चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ा। आंदोलित कर्मचारियों ने चिकित्सालय परिसरों में एकत्र होकर शासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और धरना प्रदर्शन किया। संघ के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव गंगवार ने बताया कि इस प्रदेशव्यापी आंदोलन में संविदा चिकित्सक, एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सीएचओ, पैरामेडिकल स्टाफ, बीपीएम, बीसीपीएम और मैनेजमेंट स्टाफ सहित सभी संविदा कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि मार्च और अप्रैल का मानदेय न मिलने और मई का महीना भी समाप्त होने की ओर बढ़ने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों के स्कूलों का नया सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण कर्मचारी बच्चों की फीस, किताबें और दैनिक आवश्यकताएं पूरी करने में असमर्थ हैं, जिससे उनमें भारी रोष है।
​उप्र एनएचएम संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र अस्थाना ने स्पष्ट किया है कि 21 मई को पूरे प्रदेश के साथ जनपद पीलीभीत में भी कार्य बहिष्कार पूरी तरह सफल रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अभी भी लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार 22 मई को भी जिले के समस्त संविदा कर्मचारी अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित रहकर कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे।


​गुरुवार को आयोजित इस विरोध प्रदर्शन और धरने में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र अस्थाना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव गंगवार, जिला मंत्री धर्मेंद्र कुमार, विष्णु विश्वास, डॉ. सविता विद्यार्थी, डॉ. नजरीन, डॉ. पराग अग्रवाल, डॉ. चंदन सिन्हा, डॉ. सलीम, डॉ. सबीना, फार्मासिस्ट गिरीश चंद्र, देवेंद्र कुमार, कविता गौड़, महेंद्र, मीनू, प्रीति, भाग्यश्री, अरविंद, प्रगति पांडे, डॉ. इमरान, रिहासत, मोहनलाल, लोकेश, मेहविश, हरीश माथुर, संजीव नायर, अनुज, डॉ. शरीफ हसन, डॉ. शुचि, डॉ. वर्षा सक्सेना, डॉ. खुशबू, इमरान सैफी, डॉ. समन, दीक्षा गंगवार, डॉ. विजय तिवारी, डॉ. अनुपम जायसवाल, अरुण कुमार, भूपेंद्र सिंह, जुगल किशोर, अजीत सिंह, सोमवीर, चित्रकुमार, हंसमुखी, ललिता राठौर, प्रियांशी, कल्पना, ब्यूटी सक्सेना, कीर्ति और डॉ. मंजू शुक्ला सहित संगठन के तमाम पदाधिकारी और सैकड़ों संविदा स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi