पीलीभीत। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित शिक्षक संघ के नवीन भवन में उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, जनपद इकाई पीलीभीत की चुनाव प्रक्रिया गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 9 मई को शाम 5 बजे तक विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई थी। प्रत्येक पद पर केवल एक-एक नामांकन आने और जांच में सभी पत्र वैध पाए जाने के बाद, आज 10 मई को चुनाव पर्यवेक्षकों की देखरेख में सभी पदाधिकारियों के निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई।
चुनाव प्रक्रिया पर्यवेक्षक सुनील कुमार और राज पाल के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई। निर्वाचन के परिणामों के अनुसार, लाल करन को एक बार फिर निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया है। उनके साथ मोहम्मद सिद्दीक को महामंत्री, डॉ. देवेन्द्र कन्हैया को कोषाध्यक्ष, कृष्ण कुमार रजक को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा नंद किशोर गंगवार को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त अमित शर्मा, नीरज पाल सिंह, संदीप कुमार, पूनम सहगल, नरेंद्र पाल गंगवार, भावना चक्रेश, अरुण कुमार कश्यप, कृष्ण कुमार तेवतिया, सत्येंद्र गंगवार, आरती शुक्ला, नीतू गंगवार, अचल कुमार वर्मा, मनोज कुमार और अजय कुमार को संयुक्त मंत्री चुना गया। पवन कुमार को लेखाकार और राजीव सक्सेना को आय-व्यय निरीक्षक के रूप में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष योगेश त्यागी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन चलाने के लिए कई बार अपनों से ही वैचारिक संघर्ष करना पड़ता है, क्योंकि शिक्षकों की नियुक्तियां और प्रशासनिक कार्य जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के स्तर से होते हैं, लेकिन शिक्षक हितों की रक्षा के लिए संगठन सदैव अडिग रहेगा। उन्होंने सरकार द्वारा लागू की जा रही ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि जब तक शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों वाली कमेटी अपनी रिपोर्ट नहीं सौंप देती, तब तक कोई भी शिक्षक ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाएगा। मंडल अध्यक्ष दिनेश गंगवार ने भी एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि संगठन की शक्ति ही गलत निर्णयों के खिलाफ हमारा सबसे बड़ा हथियार है।
पुनः जिलाध्यक्ष निर्वाचित होने पर लाल करन ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुझ पर दोबारा विश्वास जताने के लिए मैं सभी का ऋणी हूँ। उन्होंने संकल्प लिया कि किसी भी शिक्षक का अहित नहीं होने दिया जाएगा और अन्याय की स्थिति में संगठन न्याय मिलने तक संघर्ष करेगा। इस भव्य कार्यक्रम में नीरज अरोरा, नजमुल हसन कादरी, खतीबुल हसन, गगनदीप सिंह, सुशील कुमार, शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष मगरे लाल, महामंत्री विश्राम सिंह सहित भारी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।