पीलीभीत। जनपद में संचारी रोगों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में प्रथम अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आगामी 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ और 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ‘दस्तक अभियान’ का सफल संचालन किया जाए। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग सहित पंचायती राज, शिक्षा, पशुपालन, बाल विकास और नगर विकास विभाग आपसी समन्वय के साथ माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करेंगे। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घोषणा की कि जनपद की सभी सीएचसी पर सोमवार से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (HPV) का टीका निःशुल्क लगाया जाएगा, जिसके लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड और जन्म या शैक्षिक प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य होगा।
​अभियान की कार्ययोजना के अनुसार, पंचायती राज विभाग को गांवों में नालियों की सफाई, जलभराव की निकासी और इंडिया मार्का-2 हैंडपंपों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग विद्यालयों में नोडल अध्यापकों के माध्यम से बच्चों को जागरूक करने हेतु प्रार्थना सभाओं में चर्चा, पोस्टर और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा। वहीं, कृषि और पशुपालन विभाग द्वारा चूहा, छछूंदर और सूकर बाड़ों के प्रबंधन हेतु ग्रामीणों व पशुपालकों के बीच गोष्ठियां आयोजित कर स्वच्छता एवं कीटनाशकों के छिड़काव हेतु संवेदीकरण किया जाएगा। नगर निकायों को नगरीय क्षेत्रों में रोस्टर बनाकर फॉगिंग और लार्वानाशक स्प्रे करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
​बैठक में ‘दस्तक अभियान’ की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया गया कि 10 अप्रैल से आशा कार्यकत्रियां घर-घर जाकर जलभराव वाले पात्रों का निरीक्षण करेंगी और मौके पर ही उन्हें खाली कराएंगी ताकि डेंगू व मलेरिया का लार्वा न पनप सके। इसके साथ ही बुखार, टीबी और फाइलेरिया के संदिग्ध रोगियों की सूची तैयार कर उन्हें उपचार हेतु सीएचसी संदर्भित किया जाएगा। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने ‘हीट रिलेटेड इलनेसेज’ (लू) से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर शीतल पेयजल, शेल्टर की व्यवस्था और तापमान डिस्प्ले लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, सीएमओ डॉ. आलोक कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *