​पीलीभीत। पब्लिक इंटर कॉलेज, पूरनपुर के सौजन्य से गांधी स्टेडियम के मैदान पर सोमवार को सुबह 10 बजे से जिला स्तरीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता (बालक वर्ग) का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा उन्हें शुभकामनाएँ देकर किया। इस प्रतियोगिता में रामा इंटर कॉलेज पीलीभीत, पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पीलीभीत, एस.एन. इंटर कॉलेज पीलीभीत, गुरुनानक इंटर कॉलेज पूरनपुर, स्टेप अप इंटर कॉलेज पीलीभीत तथा उ.प्रा. वि. चंदिया हजारा सहित विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।


​रोमांचक मुकाबलों के बीच रामा इंटर कॉलेज ने ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज को तथा पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर ने एस.एन. इंटर कॉलेज को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला पब्लिक इंटर कॉलेज और रामा इंटर कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद पेनल्टी शूट आउट के आधार पर पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर ने रामा इंटर कॉलेज को 3-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।


​प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तरीय फुटबॉल टीम का चयन किया गया। चयनित टीम में चन्दन गुप्ता, मोहन कर्मकार, भोला साना, रोहान देवान, समरेश सरकार, चिरंजीत, गोपाल, सुखदेव, अभिजीत, जीत, जीत मलिक, राम, प्रखर त्रिपाठी, अनिकेत, आरुष, अंशु, मानव गीहर, शान्तनु सिंह, अभिनव एवं सरप्रीत सिंह शामिल हैं। जिला क्रीड़ा सचिव राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि यह चयनित जिला टीम 20 अगस्त 2026 को बरेली में आयोजित होने वाली मंडलीय फुटबॉल प्रतियोगिता में पीलीभीत का प्रतिनिधित्व करेगी।
​पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर के प्रधानाचार्य राजेश कुमार गौतम ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार गौड़, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेन्द्र, बैडमिंटन संघ के सचिव मनोज गंगवार, संजय कुमार सरकार, नरेन्द्र मौर्य तथा अखिलेश शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi