पीलीभीत। जिला प्रशासन एवं ‘नेकी की दीवार’ सामाजिक संस्था पूरनपुर के संयुक्त तत्वावधान में गोमती उद्गम स्थल (गोमती गुरुद्वारा) पर ‘माँ गोमती सेवा यज्ञ’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आदि गंगा माँ गोमती नदी का जीर्णोद्धार करना, जलधारा को स्वच्छ बनाना तथा आमजन को पर्यावरण व नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। महाअभियान का विधि-विधान से शुभारंभ बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरुभाग सिंह, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा और खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार यादव द्वारा गोमती गुरुद्वारा में पवित्र अरदास के साथ किया गया। इसके उपरांत जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, एसएसबी के जवानों, स्कूली बच्चों और प्रबुद्ध नागरिकों ने मिलकर नदी की साफ-सफाई के लिए भारी श्रमदान किया।
​अभियान को संबोधित करते हुए बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि यह सिर्फ एक जलस्रोत नहीं, बल्कि हमारी आस्था की प्रतीक माँ गोमती हैं। उन्होंने कहा कि माँ गोमती का पावन वर्णन श्री गुरु ग्रंथ साहिब में भी मिलता है। नदी के स्वच्छ और सुंदर होने से पूरे जनपद का गौरव देश-दुनिया में बढ़ रहा है। यह एक जन-उत्साह का कार्यक्रम है, जिसमें समाज के हर वर्ग को आगे आकर जुड़ना होगा ताकि माँ गोमती की अविरल और निर्मल धारा अनवरत बह सके।


​वहीं, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने ऐतिहासिक संदर्भों का हवाला देते हुए कहा कि गोमती नदी का अस्तित्व गंगा नदी से भी प्राचीन है। आने वाले समय में इस पावन स्थल का महत्व हरिद्वार की भांति स्थापित होने जा रहा है। नदियां हमें जीवनदायी जल प्रदान करती हैं, जिससे हमारी फसलें सींचती हैं और अन्न पैदा होता है। मानव जीवन में पहाड़ों और नदियों का अमूल्य योगदान है, इसलिए हम सबका यह नैतिक कर्तव्य है कि हम अपनी धरोहरों को बचाएं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस पुनीत कार्य में सेवा भाव के साथ बढ़-चढ़कर आहुति देने की अपील की। ‘नेकी की दीवार’ संस्था के अध्यक्ष व पदाधिकारियों ने बताया कि नदी के पुनरुद्धार और स्वच्छता का यह कार्य पूरी तरह चरणबद्ध ढंग से आगे भी जारी रहेगा।
​इस महाअभियान में देश की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पीलीभीत क्षेत्रक मुख्यालय की टीम ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। एसएसबी की ओर से निरीक्षक राजवीर सिंह शेखावत और उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में जवानों ने पूरे उत्साह के साथ नदी में उतरकर श्रमदान किया। इस सेवा यज्ञ के अवसर पर ‘नेकी की दीवार’ संस्था के संस्थापक सदस्य सुखदीप सिंह, अमरीक सिंह, बाबा गुरमेल सिंह, धन्ना बाबा जत्थेदार, बाबा सुखदेव सिंह, ग्राम प्रधान जगजीत सिंह सहित एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एंड गाइड्स के छात्र-छात्राएं और भारी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *