​पीलीभीत। जनपद में सड़कों के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से एक बड़ी सफलता मिली है। लोक निर्माण विभाग और गन्ना विभाग की सड़कों के बाद अब ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की 42 नई सड़कों की स्वीकृति शासन से प्राप्त हो गई है। इन सड़कों के निर्माण के लिए 1241 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी गई है। कुल 37.36 किलोमीटर लंबाई वाली इन सड़कों में बरखेड़ा विधानसभा की 15, सदर की 12, पूरनपुर की 10 और बीसलपुर की 5 सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों का निर्माण जल्द शुरू होने से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पक्की सड़कों का जाल बिछ जाएगा, जिससे आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।
​क्रांतिकारी विचार मंच के प्रांतीय संरक्षक और किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने इन स्वीकृतियों को जनपद के विकास के लिए ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रभावी पैरवी कर न केवल इन सड़कों को मंजूरी दिलाई, बल्कि इससे पूर्व मार्च माह में भी दर्जनों पीडब्ल्यूडी और गन्ना विभाग की सड़कों को स्वीकृत कराया था। इसके अतिरिक्त, कलीनगर और डगा में हरदोई नहर ब्रांच पर बड़े पुलों के निर्माण तथा भगा मोहम्मद गंज और नगरिया कॉलोनी के बीच देवहा नदी पर पुल व सड़क के लिए सवा अरब रुपये की स्वीकृति कराना भी उनकी बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।
​देव स्वरूप पटेल ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि श्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से जनपद के सुदूर गांवों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जो सड़कें वर्तमान में छूट गई हैं, उन्हें भी केंद्रीय मंत्री ने अपनी कार्ययोजना में शामिल कर लिया है और उनकी जल्द स्वीकृति के लिए लगातार पैरवी की जा रही है। इन विकास कार्यों से जनपदवासियों में उत्साह है और माना जा रहा है कि आने वाले समय में जिले की बुनियादी ढांचागत स्थिति में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *