सितारगंज। जंगल में पशु चराने गए दो भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर छह नामजद लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने, पशुओं को भगाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शक्तिफार्म क्षेत्र के ग्राम बैकुंठपुर निवासी सुलेमान ने बताया कि 18 मई को वह अपने भाई साहिद अली के साथ करीब 120 गाय-भैंसों को चराने के लिए तिलियापुर होते हुए बैगुल डाम क्षेत्र की ओर गया था। आरोप है कि वहां बैगुल डाम निवासी छह लोगों ने दोनों भाइयों को रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दोनों भाइयों को घायल कर दिया। साथ ही उनके पशुओं को भी भगा दिया गया। आरोप है कि विरोध करने पर दोबारा पशु लेकर आने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

सुलेमान ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति वन विभाग की लकड़ियों की तस्करी से जुड़ा है और उसके खिलाफ थाना कालाढूंगी तथा बरेनी चौकी में कई मामले दर्ज हैं।

पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *