​पीलीभीत। जनपद के मरौरी ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय मीरापुर में स्कूली बालिकाओं से मिड-डे मील (एमडीएम) बनवाए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने इस प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए मरौरी के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह को गहन जांच के निर्देश जारी किए हैं। बीएसए ने इस मामले में तथ्यपरक और स्पष्ट रिपोर्ट तलब की है, जिसके आधार पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
​बीएसए रोशनी सिंह ने स्पष्ट किया कि परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील तैयार करने के लिए पर्याप्त संख्या में रसोइया तैनात हैं, जिनकी जिम्मेदारी छात्र-छात्राओं को गरम और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी विद्यालय में बच्चों से भोजन बनवाने या विद्यालय के निजी कार्य कराने का कृत्य पाया गया, तो संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही के साथ-साथ कठोर दंडात्मक कदम भी उठाए जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्र-छात्राओं को ऐसे कार्यों से पूरी तरह दूर रखा जाए।
​जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का मुख्य दायित्व बच्चों को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है, न कि उनसे घरेलू या रसोई के कार्य कराना। बीएसए ने अपील की है कि शिक्षक स्कूल में बच्चों के साथ अपनेपन का व्यवहार करें और उन्हें अपने बच्चों की तरह मानकर उनके शैक्षिक स्तर को सुधारने पर ध्यान केंद्रित करें। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विभाग इस प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *