पीलीभीत। पूरनपुर स्थित प्राइमरी स्कूल चोखा पूरी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए स्वच्छ हरित विद्यालय पुरस्कार अपने नाम किया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में आयोजित बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्रा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह की उपस्थिति में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार भारद्वाज को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। तराई के जंगल से सटे इस विद्यालय ने पहले जिला स्तर की प्रतिस्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल किया, जिसके बाद राज्य स्तर के सभी मानकों पर खरा उतरते हुए बनारस में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रमाण पत्र व शील्ड से नवाजा गया। राष्ट्रीय स्तर पर भी इस विद्यालय ने 25वीं रैंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने प्रधानाध्यापक के व्यक्तिगत प्रयासों और विद्यालय के संसाधनों की सराहना करते हुए इसे पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय बताया। बैठक में मौजूद समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जब चोखा पूरी स्कूल उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकता है, तो अन्य विद्यालयों को भी इससे प्रेरणा लेकर आगे आना चाहिए और अपने स्तर में सुधार करना चाहिए। इस अवसर पर जिले भर के खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक और विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।