सितारगंज (उधम सिंह नगर): सितारगंज के ग्राम बगौरी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ मच्छरों से बचाव के लिए जलाए गए कंडे की चिंगारी ने विकराल आग का रूप ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में तीन मवेशियों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि गौशाला में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
तेज हवा ने बिगाड़े हालात
जानकारी के अनुसार, बगौरी की ग्राम प्रधान नसीमा बेगम का परिवार बेगम रॉयल गार्डन के पास स्थित आवास पर रहता है। रात के समय मवेशियों को मच्छरों से बचाने के लिए गौशाला में कंडा (उपला) जलाया गया था। इसी दौरान चली तेज हवाओं के कारण चिंगारी पास में रखे भूसे और कृषि रसायनों (दवाइयों) तक पहुँच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया।
दम घुटने से तड़प-तड़प कर हुई मौत
गौशाला से धुआं उठता देख परिवार में हड़कंप मच गया। लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन तब तक लपटें बेहद तेज हो चुकी थीं। धुएं के गुबार के कारण गौशाला में बंधे मवेशी बाहर नहीं निकल पाए और तीन मवेशियों की दम घुटने से तड़प-तड़प कर जान चली गई। राहत की बात यह रही कि एक मवेशी सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा।
5 लाख के नुकसान का अनुमान
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी दुर्गा सिंह भंडारी के नेतृत्व में नवीन मंडी स्थल, सितारगंज से फायर यूनिट मौके पर पहुँची। टीम के सदस्य राज बिष्ट, कुंदन गिरी, दिनेश कापड़ी, दिनेश नाथ और लक्ष्मी दत्त ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्राम प्रधान पति मोहम्मद अली ने बताया कि इस आगजनी में करीब 5 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)