​पीलीभीत। जनपद की जीवनरेखा और ‘आदि गंगा’ के नाम से विख्यात गोमती नदी को नया जीवन देने के लिए शनिवार को विकास खंड पूरनपुर के ग्राम शहबाजपुर में पुनरोद्धार कार्य का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने विधि-विधान से पूजन अर्चन करने के बाद स्वयं फावड़ा चलाकर श्रमदान किया और इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की।
​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर ने कहा कि गोमती नदी पीलीभीत की गौरवशाली पहचान है और इसका उद्गम स्थल हमारे जनपद में होना गर्व की बात है। उन्होंने इस पुनरोद्धार कार्य को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला एक अभियान बताया, जिससे न केवल जल स्तर में सुधार होगा बल्कि जैव विविधता को भी नया जीवन मिलेगा। विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि इस परियोजना से पारिस्थितिक संतुलन बहाल होगा और मनरेगा जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने अधिकारियों को नदी की खुदाई और सफाई का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए।
​जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गोमती नदी के धार्मिक और पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के विशेष ध्यान देने के कारण माधोटांडा आने वाले समय में एक बड़े पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होने जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पूरी नदी का सर्वे कराकर अतिक्रमण हटाने और गहराई बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही, नदी से जुड़े तालाबों की खुदाई भी कराई जाएगी ताकि निरंतर जल प्रवाह बना रहे और भूजल स्तर में सुधार हो। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। इस अवसर पर सीडीओ, एसडीएम पूरनपुर, बीडीओ और ग्राम प्रधान सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *