पीलीभीत। जनपद में आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति किसानों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड, चीनी मिल बरखेड़ा के अंतर्गत ग्राम नारायणपुर में प्रगतिशील कृषक विभु गंगवार ने एक मिसाल पेश की है। किसान ने अपने खेत पर उन्नत गन्ना प्रजाति सीओ -15023 और सीओल्क 14201 के लगभग 2,25,000 पौधे पॉली ट्रे में तैयार कर उनकी सफल रोपाई की। यह तकनीक विशेष रूप से उन किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो गेहूं की कटाई के बाद देर से गन्ने की बुवाई करते हैं।
इस अवसर पर केन हेड प्रदीप राठी ने रोपाई स्थल का निरीक्षण कर पौध तैयार करने की विधि और उनकी गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि पारंपरिक विधि के बजाय आधुनिक तकनीकों और उन्नत प्रजातियों को अपनाने से खेती को अधिक लाभदायक बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पॉली ट्रे में तैयार पौधों की रोपाई से कम समय में बेहतर जमाव सुनिश्चित होता है और फसल अधिक स्वस्थ रहती है। विशेषकर गेहूं की कटाई के बाद जब समय कम होता है, तब यह तकनीक अधिक उत्पादन सुनिश्चित करने और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होती है। इस दौरान उन्होंने किसानों को आधुनिक खेती के प्रति प्रोत्साहित भी किया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )