सितारगंज। खेत की साझा मेड़ पर लगे पेड़ों की जड़ों को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फावड़े और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गांव रसोईयापुर निवासी लखविंदर सिंह के अनुसार, उसकी खेत की साझा मेड़ पड़ोसी मुखवंत सिंह के खेत से लगती है। दोनों पक्षों ने मेड़ पर यूकेलिप्टस के पेड़ लगाए थे। आरोप है कि मुखवंत सिंह और उसके भाई जसवंत सिंह ने उसके हिस्से के पेड़ भी काट दिए थे। विवाद बढ़ने पर गांव में पंचायत हुई, जिसमें मेड़ साफ कर पेड़ों की जड़ों को हटाने पर सहमति बनी थी।

बताया गया कि पंचायत के फैसले के बावजूद कुछ जड़ें नहीं हटाई गईं। रविवार को जब लखविंदर सिंह मेड़ का निरीक्षण करने पहुंचा तो उसने जड़ें पड़ी देखीं और पंचायत के लोगों को बुलाया। इसी दौरान मुखवंत सिंह, उसका पुत्र हरजीत सिंह और संदीप सिंह मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी दी। इसी दौरान लखविंदर का भाई सोनू वहां पहुंचा तो संदीप सिंह ने उसके सिर पर फावड़े से हमला कर दिया। वहीं मुखवंत सिंह की पत्नी विमला कौर पर भी लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप है।

हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में मुखवंत सिंह, हरजीत सिंह, संदीप सिंह और विमला कौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed