​अमरिया PILIBHIT। जनपद के अमरिया थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कड़े आदेश के बाद स्थानीय पुलिस ने इस प्रकरण में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। किशोरी के पिता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि घटना 18 अप्रैल की दोपहर करीब दो बजे की है, जब वह अपने परिजनों के साथ गेहूं की कटाई के लिए खेत पर गया हुआ था। इस दौरान घर पर अकेली मौजूद उसकी नाबालिग पुत्री को तंडुलिया गोबिंदपुर (थाना सितारगंज) निवासी सुरेंद्र और मुनीष बहला-फुसलाकर ले गए।
​पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि पुत्री की काफी तलाश करने के बाद जब वह 19 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराने अमरिया थाने पहुँचा, तो पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। आरोप है कि दोबारा थाने जाने पर पुलिसकर्मियों ने उसे डांट-डपटकर वहाँ से भगा दिया। इसी बीच, प्रार्थी के पास हरप्रसाद नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने धमकी देते हुए कहा कि लड़की उसके लड़के के कब्जे में है और यदि ज्यादा भागदौड़ की तो जान से मार दिया जाएगा।
​धमकियों से डरे-सहमे परिवार ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक की शरण ली। प्रार्थी ने अपनी पुत्री और परिवार की जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसपी के हस्तक्षेप के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और किशोरी की बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *