काठमांडू: नेपाल के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज उस समय हड़कंप मच गया जब इस्तांबुल से काठमांडू पहुँचे तुर्किश एयरलाइंस के एक विमान के रनवे पर उतरते समय अचानक उसके टायरों में आग लग गई। विमान के छूते ही पहियों से धुआं और लपटें उठती देख हवाई अड्डे के सुरक्षाकर्मियों और आपातकालीन टीमों में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल विभाग का त्वरित एक्शन
टायर में आग लगने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी की दमकल गाड़ियाँ तुरंत रनवे की ओर दौड़ीं। दमकलकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेहद कम समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक भयानक ब्लास्ट होने से बच गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, रनवे पर घर्षण (friction) या लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी के चलते टायर ने आग पकड़ ली थी।
सुरक्षित निकाले गए सभी लोग
जिस समय यह हादसा हुआ, विमान के अंदर 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर्स सहित कुल 289 लोग मौजूद थे आग पर काबू पाने के तुरंत बाद विमान के आपातकालीन द्वारों (Emergency Gates) को खोला गया और सभी यात्रियों व चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।
उड़ानें हुईं प्रभावित
हादसे का शिकार हुआ विमान रनवे पर ही रुक गया, जिसके कारण काठमांडू हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन कुछ घंटों के लिए पूरी तरह बाधित हो गया। भारत और अन्य देशों से आने वाली कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को आसमान में ही होल्ड पर रखा गया या नजदीकी हवाई अड्डों पर डायवर्ट करना पड़ा। तकनीकी निरीक्षण और विमान को रनवे से हटाए जाने के बाद अब हवाई मार्ग को दोबारा सुचारू कर दिया गया है।