रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 28 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से शराब से लदा बोलेरो वाहन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी के निर्देश और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन सर्किल रुद्रपुर वैभव सैनी के पर्यवेक्षण में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी तथा कोतवाली रुद्रपुर प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू के नेतृत्व में बुधवार रात संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
भूरारानी जाने वाले कट के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से अंग्रेजी शराब की 28 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रमेश सिंह गुरौ पुत्र गंगा सिंह गुरौ, निवासी ग्राम पाबै, थाना गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब को तस्करी के लिए ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद बोलेरो वाहन को सीज कर दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।