:सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सितारगंज पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 51.97 ग्राम स्मैक, स्मैक परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, सात मोबाइल फोन, ₹8,310 नकद तथा नशे की कमाई से खरीदी गई ज्वेलरी बरामद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। जबकि मुख्य सप्लायर तहसीन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी हैपुलिस के अनुसार बी.एड. कॉलेज क्षेत्र में लंबे समय से स्मैक तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित तस्कर तहसीन की गिरफ्तारी के लिए दबिश के दौरान पुलिस ने वलीनगर स्थित बी.एड. कॉलेज के पास एक घर के चबूतरे पर बैठे पांच लोगों को स्मैक की पुड़िया तैयार कर बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान मौके से 51.97 ग्राम स्मैक, ₹8,310 नकद, छह कंगन, एक नथ मय चैन, एक मांग टीका, दो कान की बालियां, एक लेडीज अंगूठी, एक जोड़ी झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, सात मोबाइल फोन, हीरो स्प्लेंडर (UK06BM2261), मेस्ट्रो एज स्कूटी (UK06BC7796), इलेक्ट्रॉनिक तराजू, फ्यूल पेपर, पारदर्शी पन्नियां एवं अन्य सामान बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में आरफीन खां (29) पुत्र हसीन खां, निवासी बाईपास कॉलोनी, सितारगंज, हाल निवासी बी.एड. कॉलेज के पास वलीनगर; मो. आदिल (30) पुत्र सद्दरुद्दीन, निवासी महल सराय जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर (उ.प्र.); जैनब परवीन (30) पत्नी आरफीन खां, मूल निवासी महल सराय जलालाबाद, बिजनौर, हाल निवासी वलीनगर, सितारगंज; अलीशा (25) पुत्री सद्दरुद्दीन, निवासी महल सराय जलालाबाद, बिजनौर, हाल निवासी वलीनगर, सितारगंज तथा दिलनवाज अंसारी (27) पुत्र नसीम अहमद, निवासी महल सराय जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर (उ.प्र.), हाल निवासी वलीनगर, सितारगंज शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि फरार तस्कर तहसीन के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस मामले में कोतवाली सितारगंज में मु.अ.सं. 380/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, महिला उपनिरीक्षक बबीता टम्टा, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल मनोज गवाल, हेड कांस्टेबल तारा गाड़िया, कांस्टेबल प्रेम सिंह, कांस्टेबल जगदीश कोठियाल, कांस्टेबल कृष्णा चन्द्र, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल ज्योति शर्मा शामिल रहे।