पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में स्थित क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधीन 57वीं वाहिनी के नेतृत्व में आयोजित तीन दिवसीय अंतरवाहिनी खो-खो प्रतियोगिता का भव्य और उत्साहपूर्ण समापन हो गया। इस प्रतियोगिता के अंतिम चरण में विभिन्न वाहिनियों के बीच रोमांच से भरपूर निर्णायक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के महिला वर्ग के अंतिम मैच में 39वीं वाहिनी और 57वीं वाहिनी की टीमों के मध्य कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 39वीं वाहिनी की महिला टीम ने शानदार जीत दर्ज की। वहीं पुरुष वर्ग के अंतिम मुकाबले में 49वीं वाहिनी ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 39वीं वाहिनी को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।

इस विशेष खेल आयोजन के मुख्य संरक्षक और 57वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री गंगा सिंह उदावत ने सभी विजेता व उपविजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रतियोगिता के दौरान क्षेत्रक मुख्यालय पीलीभीत के अधीन आने वाली 39, 49 और 57 वाहिनियों की टीमों ने हिस्सा लिया और सभी मुकाबले अत्यंत रोचक व रोमांचक रहे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जवानों में खेल भावना को बढ़ावा देना, टीमवर्क को मजबूत करना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित करना है। यहाँ से विजयी टीमें अब सीमांत मुख्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

कमांडेंट ने ज़ोर देकर कहा कि ऐसे आयोजनों से जवानों में अनुशासन, उत्साह, सकारात्मकता तथा शारीरिक एवं मानसिक दृढ़ता को बढ़ावा मिलता है। यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभा को निखारने का मंच है बल्कि बल के प्रति समर्पण, सौहार्द और ऊर्जा को भी प्रोत्साहित करती है। इस गरिमामयी समापन अवसर पर उप-कमांडेंट श्री दीपक तोमर, उप-कमांडेंट श्री दीपक सिंह जादौन, उप-कमांडेंट श्री अनिल कुमार यादव, उप-कमांडेंट श्री अरविन्द कुमार, निरीक्षक सुशील कुमार यादव, सहायक उप-निरीक्षक दीवान सिंह सहित वाहिनी के कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi