पीलीभीत। स्थानीय उपाधि महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में बुधवार को भारत सरकार के बजट 2026 के प्रावधानों और उनके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर एक वृहद चर्चा का आयोजन किया गया। सरस्वती वंदना के साथ प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आर्थिक जागरूकता पैदा करना और उन्हें राष्ट्र की विकास नीतियों की सूक्ष्म समझ प्रदान करना था। कार्यक्रम में एम.कॉम. के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए बजट के विभिन्न क्षेत्रों जैसे कृषि, रक्षा, महिला सशक्तिकरण और मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं पर शोधपरक और तार्किक विचार प्रस्तुत किए।
चर्चा के दौरान एम.कॉम. के छात्र मोहम्मद शमीन शम्सी ने रोजगार सृजन और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों पर प्रकाश डाला, जबकि सेजल अग्रवाल ने महिला सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा के लिए किए गए बजटीय प्रावधानों को सराहनीय बताया। छात्रा अर्पणा अग्रवाल ने मध्यम वर्ग को करों में मिली राहत और महंगाई नियंत्रण पर अपना विश्लेषण प्रस्तुत किया, वहीं मीनाक्षी ने लघु व कुटीर उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों पर जोर दिया। छात्र अंश मिश्रा ने कृषि ऋण और सिंचाई परियोजनाओं पर ध्यान आकर्षित किया, तो निदा खान ने डिजिटल इंडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भविष्य की जरूरत बताया। इसके साथ ही बबिता ने स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष मिश्रा ने राजकोषीय घाटे जैसे गंभीर आर्थिक पहलुओं पर अपना प्रभावशाली विश्लेषण पेश किया।

अकादमिक सत्र को संबोधित करते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गजेन्द्र कुमार और कौशल कुमार ने बजट की संरचना, राजस्व स्रोतों और वित्तीय अनुशासन की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. अमित कुमार ने कहा कि ऐसी चर्चाएं विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की आर्थिक समझ प्रदान करती हैं। विभाग के प्रभारी प्रोफेसर विनय कुमार गर्ग ने अपने सारगर्भित संबोधन में कहा कि बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि सरकार की प्राथमिकताओं और दूरदर्शी सोच का दर्पण है।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रोफेसर दुष्यन्त कुमार ने विद्यार्थियों को सजग और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बजट राष्ट्र की विकास यात्रा का मार्गदर्शक दस्तावेज है। उन्होंने वाणिज्य विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन डॉ. अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर अभिषेक गंगवार, एलायस विल्सन, अमरीन, अनुराग सिंह, लक्ष्मी देवी सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।