रुद्रपुर। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय उधमसिंहनगर द्वारा 10 जून से 12 जून 2026 तक विभिन्न स्थानों पर प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी। चयन प्रक्रिया साक्षात्कार के माध्यम से होगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गपाल ने बताया कि पहली प्लेसमेंट ड्राइव 10 जून को खंड विकास कार्यालय सभागार, खटीमा तथा दूसरी 11 जून को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, आजादनगर सितारगंज में आयोजित होगी। इन दोनों कैंपों में टाटा मोटर्स लिमिटेड, पंतनगर द्वारा एनएपीएस ट्रेनी के 1000 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए इंटरमीडिएट, स्नातक अथवा आईटीआई (कॉपा एवं सिविल ट्रेड को छोड़कर) उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित युवाओं को ₹11,952 से ₹13,952 प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ ₹2,000 इंसेंटिव भी दिया जाएगा। आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है तथा महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थी पात्र होंगे।
तीसरी प्लेसमेंट ड्राइव 12 जून को जिला सेवायोजन कार्यालय, पुलिस लाइन रोड, रुद्रपुर में आयोजित होगी। इसमें क्राफ्ट्समैन-6, पंतनगर द्वारा कारपेंटर, पेंटर, असेम्बलर एवं हेल्पर के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को ₹13,110 प्रतिमाह से अधिक वेतन अनुभव और कार्य दक्षता के आधार पर दिया जाएगा। इन पदों के लिए 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के केवल पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने मूल प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो और सीवी के साथ उपस्थित होकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें:
📞 05944-250691
📞 7252030704
📞 9736333606