पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित होने वाली ‘आर्यभट्ट टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स एंड साइंस’ 2026 में प्रतिभाग करने का सुनहरा अवसर अब बढ़ गया है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) मोनिका रानी ने पंजीकरण की अंतिम तिथि को 10 फरवरी से बढ़ाकर अब 16 मार्च 2026 करने का आदेश जारी किया है। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
द इंडियन मैथमेटिक्स एन्ड साइंस एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में निर्धारित तिथि 10 फरवरी तक कई छात्र पंजीकरण नहीं कर सके थे, जिसे ध्यान में रखते हुए छात्रहित में यह विस्तार दिया गया है। इच्छुक विद्यार्थी संस्था की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित कर सकते हैं।
महानिदेशक ने सभी जनपदों के शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने स्तर से नोडल अधिकारी नामित करते हुए अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित और विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना और उनकी तार्किक क्षमता का विकास करना है। विभाग का लक्ष्य है कि प्रदेश के सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों से रिकॉर्ड संख्या में छात्र इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शामिल हों।