रुद्रपुर/सितारगंज। आईपीएल मैचों में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर अवैध कमाई करने वाले दो आरोपियों को ऊधमसिंहनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में थाना पुलभट्टा पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी।
23 मई 2026 को थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में मोबाइल एप और फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे दो युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी (24 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-3, इस्लाम नगर पहाड़ी कॉलोनी, सितारगंज तथा सौरभ कुमार (25 वर्ष), निवासी कुँवरपुर सिसैया, थाना सितारगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर थाना पुलभट्टा में एफआईआर संख्या 85/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र भट्ट, कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह तथा एसओजी रुद्रपुर के कांस्टेबल दिनेश चंद्र, ललित कुमार, राजेन्द्र कुमार और दलीप फर्त्याल शामिल रहे।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध और ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि “अपराध मुक्त देवभूमि” के संकल्प को साकार करने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।