पीलीभीत। जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए राहत भरी खबर है। प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों में घोषित गर्मियों की छुट्टियों के मद्देनजर अब आंगनबाड़ी केंद्रों के 03 से 06 आयु वर्ग के बच्चों के लिए भी आगामी 15 जून 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर सांगुड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के अनुमोदन के क्रम में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस अवधि में 03 से 06 वर्ष के बच्चों के लिए केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे, जिससे उन्हें भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी।
​हालांकि, बच्चों के अवकाश के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी विभागीय गतिविधियां और अन्य आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहेंगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि उक्त अवकाश अवधि में सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं पूर्व की भांति ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी। उनके द्वारा समुदाय आधारित गतिविधियों, नियमित टीकाकरण, पोषाहार (राशन) वितरण सहित अन्य सभी विभागीय एवं शासकीय कार्यों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, इस छुट्टी की अवधि का रचनात्मक उपयोग करते हुए विभाग द्वारा नवचयनित सहायिकाओं को सेक्टर एवं परियोजना स्तर पर विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, ताकि विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *