आज़मगढ़: सोशल मीडिया के जरिए देशभर में ठगी का जाल बिछाने वाले एक बड़े गिरोह को आज़मगढ़ साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग पेज बनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई हड़प रहे थे।
इंस्टाग्राम पर बुना था ठगी का ‘मायाजाल’
पकड़े गए आरोपी इंस्टाग्राम पर आकर्षक और सस्ते सामानों के फर्जी शॉपिंग पेज चलाते थे। कम कीमत देखकर लोग इनके झांसे में आ जाते और ऑनलाइन पेमेंट कर देते, लेकिन ऑर्डर कभी पहुंचता ही नहीं था। ठगी के बाद ये आरोपी ग्राहकों को ब्लॉक कर देते थे।
अहमदाबाद की युवती की शिकायत ने खोला राज
इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ तब हुआ जब अहमदाबाद की एक युवती ने इस ठगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती से शॉपिंग के नाम पर पैसे ऐंठे गए थे। जब आज़मगढ़ साइबर पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की, तो ठगी की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
देशभर से दर्ज हैं 27 शिकायतें
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह गिरोह सिर्फ आज़मगढ़ या यूपी तक सीमित नहीं था। विभिन्न राज्यों से इनके खिलाफ अब तक 27 से अधिक शिकायतें पोर्टल पर दर्ज पाई गई हैं। पुलिस अब इनके बैंक खातों और नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि अन्य पीड़ितों का भी पता लगाया जा सके।
साइबर सेल की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इंस्टाग्राम या फेसबुक पर अनजान पेजों से खरीदारी करते समय सावधानी बरतें और केवल वेरिफाइड या भरोसेमंद वेबसाइट्स से ही सामान ऑर्डर करें।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)