पीलीभीत। उत्तर प्रदेश शासन के उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय के निर्देशानुसार, जनपद पीलीभीत में वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) योजना के अंतर्गत चार माह का कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के माध्यम से संचालित होने वाले इस कार्यक्रम में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए साड़ियों की कढ़ाई-छपाई और प्लंबरिंग ट्रेड में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 30 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पात्रता की शर्तें निर्धारित कर दी गई हैं। आवेदन करने वाले युवक एवं युवतियों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जबकि आयु सीमा 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, बैंक पासबुक, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर की छायाप्रति अनिवार्य है। दिव्यांग श्रेणी के आवेदकों को अपना प्रमाण पत्र भी संलग्न करना होगा।
उपायुक्त उद्योग ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर जाकर निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों का अंतिम चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। प्रशासन ने विशेष रूप से सचेत किया है कि आवेदन की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है, अतः किसी भी बिचौलिए या असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं। यह योजना स्थानीय युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)