पीलीभीत। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशाषी अभियंता राजेश चौधरी को प्रोन्नत होकर अधीक्षण अभियंता बनने पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों में हर्ष की लहर है। इस उपलक्ष्य में युवा व्यापार मंडल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में एक विशिष्ट शिष्टमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिष्टमंडल ने श्री चौधरी को पीलीभीत जनपद में उनके द्वारा दी गई उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शॉल ओढ़ाकर और भगवान श्रीराम का चित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट कर उनका भव्य अभिनंदन और सम्मान किया।
भेंट के दौरान मझोला के पूर्व चेयरमैन अजय गोयल ने राजेश चौधरी के कार्यकाल की चर्चा करते हुए उनके सरल, सौम्य और विनम्र स्वभाव की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने पूरे कार्यकाल के मध्य श्री चौधरी ने जनसमस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के प्रति जो प्रतिबद्धता दिखाई, वह अत्यंत अनुकरणीय है। जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार चौधरी के कुशल नेतृत्व में मझोला क्षेत्र के चारों ओर प्रमुख सड़कों की स्वीकृतियां मिलीं और वर्तमान में सभी विकास कार्य प्रगति पर हैं, वे सभी कार्य शीघ्र ही उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न होंगे। उन्होंने आगे कहा कि इतने सहज और सुलभ अधिकारी के रहने से आम जनता को अपनी बात प्रशासन तक पहुँचाने में हमेशा आसानी रही, जिसके लिए उनका यह कार्यकाल पीलीभीत में सर्वदा याद किया जाएगा।
इस अवसर पर हरदासपुर के पूर्व प्रधान दलजिंदर सिंह कुक्कू ने भी श्री चौधरी के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने चौधरी को एक सच्चा लोक सेवक और कर्तव्यों के निर्वहन हेतु सदैव मुस्तैद रहने वाला अधिकारी बताते हुए उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। शिष्टमंडल द्वारा किए गए इस आत्मीय अभिनंदन के लिए आभार प्रकट करते हुए नवनियुक्त अधीक्षण अभियंता राजेश चौधरी ने अपने कर्तव्यों के प्रति अपनी वचनबद्धता दोहराई। उन्होंने पीलीभीत से जुड़ी अपनी पुरानी स्मृतियाँ साझा करते हुए इसे एक कभी न भूलने वाला स्थान बताया। यहाँ के लोगों के सहयोगी और अच्छे स्वभाव की प्रशंसा करते हुए उन्होंने भरोसा दिया कि वे भविष्य में भी समय निकालकर पीलीभीत आते रहेंगे। इस सम्मान समारोह के अवसर पर नरेंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह, बलदेव सिंह समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।