बेंगलुरु: ‘KGF’ स्टार यश के फैंस का इंतजार और लंबा हो गया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups’ एक बार फिर पोस्टपोन हो गई है। बुधवार सुबह एक्टर और को-प्रोड्यूसर यश ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। 

4 जून को नहीं होगी रिलीज 

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को पहले 19 मार्च 2026 को रिलीज होना था, लेकिन ‘धुरंधर 2’ से टकराव के चलते इसे टालकर 4 जून की तारीख तय की गई थी। अब यश ने साफ कर दिया है कि फिल्म 4 जून को भी सिनेमाघरों में नहीं पहुंचेगी। 

क्यों टली फिल्म?

यश ने अपने बयान में बताया कि फिल्म का काम पूरा हो चुका है, लेकिन वे इसके वर्ल्डवाइड ग्रैंड रिलीज को लेकर कोई समझौता नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि फिल्म को ग्लोबल स्तर पर एक साथ और सही तरीके से पेश करने के लिए कुछ और वक्त की जरूरत है।

नई रिलीज डेट पर खामोशी

हैरानी की बात यह है कि इस बार मेकर्स ने किसी नई तारीख का ऐलान नहीं किया है। पिछली बार पोस्टपोन होने पर 4 जून की तारीख दी गई थी, लेकिन अब अगली रिलीज डेट पर सस्पेंस बरकरार है। फिल्म जानकारों का मानना है कि यश अपनी इस फिल्म को हॉलीवुड स्तर पर प्रमोट करना चाहते हैं, जिसके लिए वे पूरी तैयारी कर रहे हैं। 

फैंस में मायूसी

सोशल मीडिया पर ‘टॉक्सिक’ की रिलीज टलने की खबर आते ही फैंस ने अपनी नाराजगी और दुख जाहिर किया है। ‘KGF 2’ के बाद से यश के पर्दे पर लौटने का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है, लेकिन बार-बार बदलती तारीखों ने उत्साह को थोड़ा फीका कर दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *