पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध की गई अभद्र टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को जनपद पीलीभीत के कलेक्ट्रेट परिसर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए समाजवादी पार्टी की विचारधारा और सांसद के बयान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना था कि देश के सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्तित्व के खिलाफ ऐसी टिप्पणी न केवल अशोभनीय है, बल्कि यह देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर भी चोट है।
​”आधी आबादी का अपमान”: जिलाध्यक्ष गीता मिश्रा
​प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गीता मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सदैव महिलाओं के उत्थान और सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता में रखा है। उनके प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना समाजवादी पार्टी की संकीर्ण और ओछी मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति ऐसे अपमान का करारा जवाब देगी।
​निंदा और चेतावनी: रेखा सिंह परिहार व डॉ. दलजीत कौर
​भाजपा जिला उपाध्यक्ष रेखा सिंह परिहार ने सपा नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि- सांसद द्वारा प्रयोग की गई भाषा निंदनीय है और यदि सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई, तो यह विरोध प्रदर्शन पीलीभीत से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर ने तंज कसते हुए कहा कि जो दल ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का विरोध करता आया है, उससे शिष्टाचार की उम्मीद करना बेमानी है। उन्होंने इस टिप्पणी को पूरी नारी शक्ति का अपमान बताया।


​वैश्विक नेतृत्व और सदस्यता रद्दीकरण की मांग: डॉ. आस्था अग्रवाल
​नगर पालिका परिषद की चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल ने वैश्विक पटल पर प्रधानमंत्री की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि जहाँ दुनिया भारत के शांति प्रयासों की सराहना कर रही है, वहीं विपक्ष के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग भाषा की मर्यादा भूल रहे हैं। उन्होंने सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की लोकसभा सदस्यता तत्काल रद्द किए जाने की मांग उठाई।
​प्रदर्शन में ये रहीं शामिल
​शक्ति प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक प्रमुख मरौरी सभ्यता देवी वर्मा, जिला मंत्री ऋचा सिंह पटेल, पंकजा तिवारी, डॉ. अनुरीता सक्सेना, रजनी वर्मा, पुष्पा उपाध्याय, अनीता जोशी, स्वाति यादव, जसवीर कौर, प्रेमलता गौतम, रत्ना शुक्ला, सुनीता सिंह एवं ममता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। प्रदर्शन के अंत में महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भी प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *