पीलीभीत। संत निरंकारी मिशन के ‘समर्पण दिवस’ के पावन अवसर पर आज स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध अस्पताल के ब्लड सेंटर द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का गाँधी प्रेक्षागृह मे आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सागर और अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों की गरिमामयी उपस्थिति में किया। शिविर का प्राथमिक उद्देश्य चिकित्सालय में आने वाले गंभीर मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और आम जनमानस को इस जीवनरक्षक सेवा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
रक्तदान शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के 50 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए रक्तदान किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि यह सीधे तौर पर किसी व्यक्ति को जीवनदान देने का माध्यम बनता है। शिविर के सफल संचालन में विभागाध्यक्ष डॉ. विभूति गोयल, प्रभारी डॉ. परीक्षित सिंह और डॉ. प्रदीप शेखावत के साथ-साथ ब्लड सेंटर के तकनीकी स्टाफ दिग्विजय, कपिल, अमित तथा सहयोगी कर्मचारी नरेंद्र, ज़ाकिर और विपिन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने अपने संदेश में आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल मानवता की उत्कृष्ट सेवा है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के सामूहिक प्रयासों से जिले में रक्त की कमी को दूर करने और आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को त्वरित सहायता प्रदान करने में बड़ी मदद मिलेगी।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)