पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद अंतर्गत थाना जहानाबाद क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खमरिया पुल निवासी विजय ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि बीती 11 मई 2026 को शाम करीब 5:00 बजे, जब उनकी पत्नी पास ही स्थित अपने भाई के घर गई हुई थी, तभी इसी मौके का फायदा उठाकर गांव का ही रहने वाला रवि उनके घर में बुरी नीयत से घुस गया।
आरोप है कि घर में अकेला पाकर आरोपी ने प्रार्थी की 14 वर्षीय पुत्री ज्योति (बदला हुआ नाम) को दबोच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने घटना की पूरी जानकारी अपनी मां के घर लौटने पर दी, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।