पीलीभीत। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के उपलक्ष्य में ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में अंतरविद्यालयीय कोडिंग प्रतियोगिता “बैटल{कोड} 2026” का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में तकनीकी नवाचार, तार्किक चिंतन और समस्या समाधान की क्षमताओं को विकसित करना था। कार्यक्रम में जनपद के सात प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी तकनीकी दक्षता का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) विक्रम दहिया, विद्यालय के डायरेक्टर देवेंद्र सिंह छाबड़ा, प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा और उप-प्रधानाचार्य डॉ. आरिज अल्वी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोडिंग वर्तमान समय की अनिवार्य भाषा बन चुकी है और भविष्य निर्माण में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को रचनात्मक सोच के साथ नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रतियोगिता के दौरान कोडिंग पहेलियाँ, त्रुटि सुधार और तार्किक क्षमता जैसे विभिन्न चुनौतीपूर्ण राउंड आयोजित किए गए। कड़े मुकाबले के बाद बेन-हूर पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय और नोजगे पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। इस आयोजन में लिटिल एंजेल्स स्कूल, लायंस बाल विद्या मंदिर, बेन-हूर गुरुकुल और मदर्स पब्लिक स्कूल की टीमों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ऋषित सिंह छाबड़ा के विशेष मार्गदर्शन के साथ-साथ उप-प्रधानाचार्य डॉ. आरिज अल्वी, मोहित तिवारी, सूर्यकांत तिवारी, दीपक पाठक, आमिर अली और विपिन की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून से अनिल गुप्ता, एन. सी. पाठक और असलम जावेद भी उपस्थित रहे। अंत में प्रबंध निदेशक देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मील का पत्थर साबित होंगे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)