गाजियाबाद/देहरादून। बाबा केदारनाथ के दर्शन कर अपने पति के साथ वापस लौट रही एक 29 वर्षीय नवविवाहिता प्रज्ञा सिंह देहरादून से गाजियाबाद आ रही ट्रेन से संदिग्ध और रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना को बीते छह दिन से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय सिविल पुलिस के हाथ अब तक पूरी तरह खाली हैं। चलती ट्रेन के भीतर से एक महिला का इस तरह गायब हो जाना पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

केदारनाथ की पहली यात्रा और वो ‘मनहूस’ रात

लापता प्रज्ञा के पति मनीष ने बताया कि दोनों मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं और लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। इसी साल फरवरी में दोनों परिवारों की रजामंदी से उनकी शादी बड़े धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद मनीष नोएडा की एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी के कारण प्रज्ञा के साथ ग्रेटर नोएडा की ग्रीन वैली विला सोसायटी में शिफ्ट हो गए थे। शादी के बाद दोनों पहली बार बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए उत्तराखंड गए थे और प्रज्ञा बेहद खुश थी।

ट्रेन के सफर के बीच अचानक क्या हुआ?

दर्शन करने के बाद दोनों मनीष और प्रज्ञा देहरादून रेलवे स्टेशन से गाजियाबाद के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। मनीष के अनुसार, सफर के दौरान अचानक प्रज्ञा गायब हो गई। शुरुआत में मनीष को लगा कि वह वॉशरुम या ट्रेन के किसी अन्य हिस्से में गई होगी, लेकिन काफी समय बीतने और पूरी ट्रेन छान मारने के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो मनीष के पैरों तले जमीन खिसक गई।

दर-दर भटक रहा परिवार, उलझी पुलिस की गुत्थी

घटना के बाद से प्रज्ञा का परिवार और उसका पति गाजियाबाद से लेकर देहरादून तक हर छोटे-बड़े रेलवे स्टेशन पर उसकी तलाश में भटक रहे हैं। वहीं, जीआरपी और पुलिस इस बात को लेकर पूरी तरह उलझन में है कि आखिर सुरक्षित मानी जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के भीतर से एक महिला बिना किसी शोर या हरकत के कहाँ और कैसे गायब हो सकती है। पुलिस अब प्रज्ञा के मोबाइल की लास्ट लोकेशन, कॉल डिटेल्स (CDR) और देहरादून, हरिद्वार व गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि इस रहस्यमयी गुमशुदगी की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *