गुवाहाटी (पोर्टल डेस्क): असम में नई सरकार के गठन की दिशा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपनी सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी कर ली है। गुवाहाटी में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल बैठक में डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से असम भाजपा विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया है । इस फैसले के साथ ही यह पूरी तरह साफ हो गया है कि हिमंत बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों— भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विशेष मौजूदगी में किया गया। बैठक में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ-साथ असम गण परिषद (AGP) और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (UPPL) जैसे एनडीए के प्रमुख सहयोगी दलों के नेता और विधायक भी शामिल हुए। सभी दलों के विधायकों ने डॉ. सरमा के कुशल नेतृत्व और राज्य में विकास की गति को बनाए रखने के लिए उनके नाम पर अपनी अंतिम सहमति जताई।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब हिमंत बिस्वा सरमा जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में नई सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। गौरतलब है कि नई कैबिनेट का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आगामी 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी कॉलेज फील्ड में आयोजित होने जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित देश के कई दिग्गज राजनेता शामिल होंगे।