मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है। यहाँ के चौहान पट्टी इलाके के रहने वाले मर्चेंट नेवी अफसर मनीष द्विवेदी अमेरिका से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष द्विवेदी पेंसिल्वेनिया बंदरगाह से आगामी 7 मई से लापता हैं। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ अमेरिका के एक स्थानीय मॉल में घूमने गए थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना के बाद से मिर्जापुर में रह रहे उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने सरकार व स्थानीय प्रशासन से अपने बेटे की सुरक्षित खोज के लिए मदद की गुहार लगाई है।
मनीष द्विवेदी मर्चेंट नेवी के वेसल (पानी के जहाज) “सिफ्नोस लेडी” (Sifnos Lady) पर तैनात थे। चौंकाने वाली बात यह है कि यह शिप मनीष के बिना ही अमेरिका से भारत के लिए वापस लौट आया है। जहाज की क्रू मैनेजमेंट कंपनी (जो कि मुंबई के अंधेरी ईस्ट में स्थित है) ने मुंबई पहुंचने के बाद इस बेहद गंभीर मामले की आधिकारिक जानकारी मनीष के परिजनों को दी। शिपिंग कंपनी से मिली इस सूचना के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से अमेरिकी दूतावास और वहां की स्थानीय पुलिस से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पेंसिल्वेनिया और उसके आसपास के इलाकों में मनीष द्विवेदी की तलाश तेज की जा सके।