पीलीभीत। जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान के तीसरे दिन जिला सूचना अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो मुख्य रूप से मीडिया जगत को समर्पित रहा। इस दौरान विभिन्न समाचार पत्रों, न्यूज़ चैनलों और डिजिटल मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए पोर्टल पर अपनी प्रविष्टियां दर्ज कीं। उपस्थित पत्रकारों ने न केवल इस डिजिटल प्रक्रिया को समझा, बल्कि स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर एक जागरूक नागरिक के रूप में इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। सूचना विभाग के तकनीकी मार्गदर्शकों ने इस अवसर पर मीडिया कर्मियों को गणना की डिजिटल प्रक्रिया के साथ-साथ डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा मानकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सूचना अधिकारी मुशाहिद अली ने कहा कि मीडिया समाज का दर्पण है और जब लोकतंत्र के इस जागरूक स्तंभ के सदस्य स्वयं इस मुहिम से जुड़ते हैं, तो इससे आम नागरिकों के बीच डिजिटल गणना के प्रति विश्वास और सुदृढ़ होता है। मीडिया कर्मियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए स्व-गणना को आधुनिक भारत की दिशा में एक प्रगतिशील और समयोचित कदम बताया। इस सक्रिय भागीदारी से जिले में स्व-गणना अभियान को एक नई गति मिली है, जिससे आने वाले दिनों में आमजन के बीच भी इसके प्रति व्यापक जागरूकता फैलने की उम्मीद है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)