सितारगंज। सितारगंज में शनिवार को महाराणा प्रताप जयंती मनाई गई। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने महाराणा प्रताप चौक पर लगी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद महाराणा प्रताप चौक से मुख्य चौक होते हुए महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट तक ढोल-नगाड़ों के साथ शोभा यात्रा निकाली गई।
शनिवार को महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, उदय राणा, रामभरोसे राणा ने दीप जलाकर व महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारम्भ किया।
इस दौरान यहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने उपस्थित जनसमुदाय को महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति के बारे में विस्तार से चर्चा की। महाराणा प्रताप को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिताया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और वीरता से जुड़े नारों के साथ उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। यहां मुकेश सनवाल, अमित रस्तोगी, भोला जोशी, रूप सिंह राणा, मिथलेश देवी, वीरेंद्र सिंह, अशोक सिंह, आशा देवी, आनंद बल्लभ भट्ट, राकेश त्यागी, गणेश राणा, बसंत सिंह राणा मौजूद रहे।