पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में महान व्यापारिक नेता स्वर्गीय पंडित श्याम बिहारी मिश्रा की 88वीं जन्म जयंती के अवसर पर व्यापारियों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान व्यापारियों ने उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। इसी कड़ी में, व्यापार मंडल की एक आवश्यक बैठक जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें आगामी 13 मई 2026 को श्री धाम वृंदावन में होने वाली ‘प्रांतीय कार्यसमिति बैठक’ की तैयारियों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद पीलीभीत का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल इस महाबैठक में सम्मिलित होगा। जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी ने बताया कि वृंदावन की यह बैठक व्यापारिक एकता का महाकुंभ साबित होगी, जहाँ जीएसटी की विसंगतियों, ऑनलाइन व्यापार की चुनौतियों और स्थानीय कर संबंधी मुद्दों पर ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। पीलीभीत से दर्जनों व्यापारी आधा दर्जन से अधिक चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ मंगलवार, 12 मई को वृंदावन के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस बैठक में जिला महामंत्री पीयूष अग्रवाल व स्वतंत्र देवल, जिला उपाध्यक्ष जंग बहादुर गंगवार, जिला संगठन मंत्री मनीष छाबड़ा, नगर महामंत्री हरिपाल सिंह यादव सहित युवा टीम के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। यात्रा के सफल संयोजन की जिम्मेदारी युवा पदाधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि प्रदेश नेतृत्व के समक्ष जनपद की समस्याओं को मजबूती से रखा जा सके।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)