पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गुरुवार को ग्राम पंचायत चक्रतीर्थ कल्याणपुर का विस्तृत निरीक्षण कर विकास कार्यों और सार्वजनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, उच्च प्राथमिक विद्यालय और ग्राम सचिवालय का भ्रमण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
चक्रतीर्थ कल्याणपुर मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर के चिन्हांकन हेतु पिलर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिसर को और अधिक सुंदर बनाया जाए तथा भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान को चिन्हित किया जाए। इसके उपरांत, उच्च प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए विद्यालय परिसर को समतल कराने और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में रखे निजी कृषि यंत्रों (हैरो, डनलप आदि) को उन्होंने तत्काल हटाने की हिदायत दी ताकि बच्चों के पठन-पाठन का माहौल प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने ग्राम सचिवालय का भी निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने भवन के कक्षों के रख-रखाव और साफ-सफाई को और बेहतर बनाने पर बल दिया। उन्होंने मौके से ही जिला पंचायतराज अधिकारी को दूरभाष पर निर्देशित किया कि सचिवालय में पंचायत सहायक की तैनाती की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सचिवालय के समीप स्थित तालाब के सुंदरीकरण के लिए उप जिलाधिकारी अमरिया को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बीसलपुर, खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, लेखपाल और ग्राम प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)