पीलीभीत। जनपद के गांधी सभागार में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले के निर्माण व मरम्मत कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आगामी विकास कार्यों का खाका खींचा। बैठक में मुख्य रूप से बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान और बरखेड़ा विधायक के प्रतिनिधि हरेंद्र कुमार सहित जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए कि नई कार्ययोजना का गठन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के प्रस्ताव संबंधित विधायक से चर्चा और समन्वय के बाद ही अंतिम रूप दिए जाएं। मंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी भी एक विधानसभा क्षेत्र की कार्ययोजना में दूसरी विधानसभा के मार्गों को शामिल न किया जाए, ताकि क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार निष्पक्ष और सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित हो सके।

अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि जनपद का कोई भी क्षतिग्रस्त या जर्जर मार्ग कार्ययोजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे स्वयं मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करें और वास्तविक स्थिति के आधार पर प्रस्ताव तैयार करें। प्राथमिकता के आधार पर जर्जर सड़कों की मरम्मत को योजना में शामिल करने की हिदायत दी गई ताकि आम जनता को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। बैठक के अंत में उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सभी विकास कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)