​पीलीभीत। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई बेतहाशा वृद्धि और बाजार में व्याप्त किल्लत के खिलाफ व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा है। ‘उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश’ के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल के आह्वान पर आज पीलीभीत में व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू और जिला अध्यक्ष एम.ए. जीलानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए व्यापारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की गई है।
​व्यापारियों ने सरकार के समक्ष नौ सूत्रीय मांगें रखी हैं। प्रदर्शनकारियों का मुख्य जोर 1 मई 2026 से बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने और कमर्शियल सिलेंडर पर लगने वाली जीएसटी (GST) की दर को 18% से घटाकर 5% करने पर रहा। व्यापारियों की मांग है कि कमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग भी घरेलू गैस की तरह ऑनलाइन पारदर्शी तरीके से की जाए। इसके अलावा, गैस की कमी से जूझ रहे उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए प्रदूषण विभाग और एनजीटी के नियमों में कम से कम 5 साल की रियायत देने तथा स्कूल, अस्पताल एवं वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।


​स्थानीय मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापारियों ने पीएनजी पाइपलाइन और सड़कों की दुर्दशा का मामला भी उठाया। जिला अध्यक्ष एम.ए. जीलानी ने कहा कि शहर में पीएनजी पाइपलाइन बिछे दो साल बीत चुके हैं, लेकिन अधिकारियों के झूठे वादों के कारण यह अब तक चालू नहीं हो पाई है। वहीं, ‘हर घर स्वच्छ पानी’ योजना के तहत खोदी गई सड़कों को कार्यदायी संस्थाओं द्वारा जस का तस छोड़ देने से आवागमन दूभर हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अचानक बढ़ी कीमतों से छोटे होटल और रेहड़ी-पटरी वालों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
​प्रदर्शन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू ने विशेष रूप से शिरकत कर व्यापारियों का उत्साह बढ़ाया। इस ‘हल्लाबोल’ कार्यक्रम में संगठन की नगर, युवा और महिला इकाइयों के पदाधिकारी प्रमुखता से शामिल रहे, जिनमें शैली शर्मा, रणवीर पाठक, नाहिद खान, कंचन सक्सेना, रशीद अंसारी, मोहम्मद ममनून, संदीप सक्सेना, हरपाल सिंह, ऋषि कनौजिया, साहिल अगनानी, रिजवान, शोभनीय सिंह, बिंदु शर्मा, संजू शुक्ला, आशीष लोधी, गौरव राणा, उज्जवल वर्मा, सहवाज़ अहमद, अभिलाष गुप्ता, रजी अंसारी और ताबिश शम्सी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *