पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के थाना माधोटांडा पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस टीम ने बुधवार को चित्तरपुल से पूरनपुर जाने वाली सड़क से सतेन्द्र सिंह (30 वर्ष) और उसकी पत्नी शुभप्रीत कौर उर्फ गुरजीत कौर (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मृतक की सोने जैसी पीली धातु की चैन मय लॉकेट बरामद किया गया है।
गुमशुदगी से हत्या तक का घटनाक्रम
घटना की शुरुआत 22 अप्रैल 2026 को हुई, जब ग्राम बसन्तपुर नौनेर निवासी गुरबाज सिंह अपने घर से पूरनपुर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद 26 अप्रैल को थाना माधोटांडा में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। उसी दिन थाना पूरनपुर क्षेत्र के तकिया दीनारपुर मंदिर के पास एक खंडहर से गुरबाज का शव और उसकी मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद मृतक के पिता जसवन्त सिंह की तहरीर पर अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
ब्लैकमेलिंग बनी हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता शुभप्रीत कौर ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि पिछले एक वर्ष से उसके मृतक गुरबाज सिंह के साथ अवैध संबंध थे। शुभप्रीत इन संबंधों को खत्म करना चाहती थी, लेकिन गुरबाज इसके लिए तैयार नहीं था। वह शुभप्रीत को उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिवार को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था।
साजिश के तहत दिया अंजाम
गुरबाज की धमकियों से परेशान होकर शुभप्रीत ने अपने पति सतेन्द्र के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के अनुसार, 22 अप्रैल को तकिया दीनारपुर स्थित खंडहर में लोहे की रॉड से वार कर गुरबाज की हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से रॉड व उसकी चैन वहीं छिपा दी गई थी। प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल के नेतृत्व वाली टीम ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)