पीलीभीत। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशानुसार और जनपद न्यायाधीश श्री रविन्द्र कुमार चतुर्थ के निर्देशन में आगामी 9 मई 2026 को जनपद पीलीभीत में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक दीवानी न्यायालय प्रांगण पीलीभीत, ग्राम न्यायालय पूरनपुर और बाह्य न्यायालय बीसलपुर में किया जाएगा। इसी क्रम में आज, 4 मई को जनपद न्यायाधीश रविन्द्र कुमार चतुर्थ ने न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति में प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर न्यायालय परिसर से रवाना किया। यह वाहन 8 मई तक जनपद की सभी तहसीलों में भ्रमण कर आम जनमानस को लोक अदालत के लाभों के प्रति जागरूक करेगा। इस दौरान पराविधिक स्वयं सेवक पंकज माथुर और महेन्द्र पाल द्वारा लोगों को आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से अपने लंबित वादों का निस्तारण कराने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव और अपर सिविल जज (सी.डि.) अरुण कान्ति यशोदास ने जनता से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मुकदमों का स्थायी निस्तारण कराएं। प्रचार वाहन की रवानगी के अवसर पर अपर जनपद न्यायाधीश (कोर्ट नं. 2) व प्रभारी राष्ट्रीय लोक अदालत रामकिशोर सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर आम जनता को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाना है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)