पीलीभीत। जनपद के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल गोमती उद्गम (माधोटांडा) में बीती रात प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला, लेकिन ईश्वरीय चमत्कार के चलते एक बड़ी त्रासदी होने से टल गई। क्षेत्र में आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण गोमती माता मंदिर परिसर स्थित दुर्गा नाथ बाबा के मंदिर के ठीक सामने खड़ा सैकड़ों साल पुराना विशालकाय पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गिर पड़ा।
गनीमत यह रही कि यह घटना देर रात घटित हुई, जब मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल नहीं थी। स्थानीय लोगों और मंदिर से जुड़े सेवादारों का कहना है कि यह गोमती माता और दुर्गा नाथ बाबा की असीम अनुकंपा ही है कि इतना भारी-भरकम पेड़ गिरने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। यदि यही हादसा दिन के समय हुआ होता, जब मंदिर में सैकड़ों भक्तों का तांता लगा रहता है, तो स्थिति अत्यंत भयावह हो सकती थी और कई लोगों की जान जा सकती थी।

वर्तमान में पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अभी भी मौके पर गिरा हुआ है और शेष भाग भी असुरक्षित स्थिति में है। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष से विनम्र अनुग्रह किया है कि इस प्राचीन पेड़ के अवशेषों को जल्द से जल्द वहां से हटवाने की कृपा करें। श्रद्धालुओं का कहना है कि गिरे हुए पेड़ के कारण मार्ग और दर्शन में असुविधा हो रही है, साथ ही शेष बचे हुए हिस्से से भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। प्रशासन और ट्रस्ट से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है ताकि परिसर को पुनः सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)