आगरा। ताजनगरी के खेरागढ़ क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पाय सितौली गांव में 22 वर्षीय एक छात्र ने घर के अंदर लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। परिजन उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर भागे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

पढ़ाई में होनहार था अनुज

मृतक की पहचान 22 वर्षीय अनुज के रूप में हुई है। अनुज बीएससी (एग्रीकल्चर) का छात्र था और अपनी पढ़ाई को लेकर गंभीर रहता था। अचानक उठाए गए इस आत्मघाती कदम से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्र ने यह कदम किसी मानसिक तनाव के चलते उठाया या इसके पीछे कोई और कारण था।

पुलिस ने रिवाल्वर की जब्त, जांच तेज

सूचना मिलते ही खेरागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवाल्वर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि रिवाल्वर किसकी है और छात्र की पहुंच उस तक कैसे हुई।

परिजनों से पूछताछ जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का सुराग लग सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *