अमरिया PILIBHIT। पीलीभीत के थाना अमरिया क्षेत्र के अंतर्गत दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है, जहां मांग पूरी न होने पर एक गर्भवती महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। ग्राम जिठनिया निवासी विवाहिता ओम श्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व जनपद बरेली के थाना शाही क्षेत्र के ग्राम धनेली निवासी बाबू राम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसके पिता द्वारा दिए गए दान-दहेज से संतुष्ट नहीं थे और कम दहेज का ताना देकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
पीड़िता, जो वर्तमान में दो माह की गर्भवती है और जिसकी एक संतान भी है, ने अपनी शिकायत में बताया कि बीती 12 अप्रैल को उसके पति बाबू राम, सास जावित्री देवी और ननद आशा व छोटी देवी ने एक राय होकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। विवाहिता ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड में कार्यरत उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं, जिसके चलते उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में एक लाख रुपये नकद, फ्रिज, कूलर और वाशिंग मशीन की मांग की जा रही है। थाना प्रभारी अमित सिंह के अनुसार, तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी गई है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)