रुद्रपुर। पुलिस विभाग में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब पुलिस लाइन में तैनात 54 वर्षीय सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) संजय सिंह खाती का अचानक निधन हो गया उनकी असामयिक मृत्यु से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे पुलिस विभाग में गहरा दुःख व्याप्त है। मूलरूप से पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मल्ला गरका निवासी संजय खाती वर्तमान में रुद्रपुर कोतवाली के सरकारी आवास में अपने परिवार के साथ रह रहे थे उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को उनकी नाइट ड्यूटी निर्धारित थी ड्यूटी से पूर्व सुबह वे सामान्य दिनचर्या के तहत उठे भोजन किया और आराम करने के लिए सो गए। दोपहर में भी वे उठे खाना खाया और पुनः सोने चले गए। सब कुछ सामान्य प्रतीत हो रहा था लेकिन रात करीब 10 बजे जब ड्यूटी का समय नजदीक आया और वे नहीं जागे तो उनकी पत्नी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया। काफी कोशिशों के बावजूद जब वे नहीं उठे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।आनन-फानन में 108 एंबुलेंस के जरिए उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, इस दुःखद खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया वहीं आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके। मंगलवार सुबह एसआई धीरज टम्टा द्वारा पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।सहकर्मियों के अनुसार संजय खाती एक कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार पुलिसकर्मी थे उनका व्यवहार मिलनसार था उनके अचानक निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। पोस्टमार्टम के उपरांत पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी इस हृदय विदारक घटना ने पूरे पुलिस विभाग और स्थानीय समाज को गमगीन कर दिया है जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रूद्रपुर। अपर उपनिरीक्षक स्व0संजय सिंह खाती के आकस्मिक निधन पर ऊधमसिंह नगर पुलिस परिवार द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।स्व0संजय सिंह खाती मूलरूप से पिथौरागढ़ के निवासी थे तथा वर्ष 1990 में पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे तथा वर्तमान में पुलिस लाईन रुद्रपुर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके आकस्मिक निधन पर ऊधमसिंहनगर पुलिस परिवार गहरा शोक व्यक्त करती है। यह अपूरणीय क्षति हम सभी के लिए अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है,ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस दुःखद घड़ी में धैर्य,साहस एवं शक्ति प्रदान करें।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)